*केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पंचायत व गृह मंत्री विजय शर्मा के हाथों सरपंच-सचिव को मिला सम्मान में प्रशस्ति पत्र*

मस्तूरी विकासखंड की ग्राम पंचायत गतौरा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 550 आवासों का निर्माण पूर्ण कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। पंचायत की इस उल्लेखनीय सफलता के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा उपमुख्यमंत्री एवं गृह व पंचायत मंत्री विजय शर्मा के हाथों ग्राम पंचायत गतौरा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से न केवल गतौरा पंचायत, बल्कि मस्तूरी विकासखंड और बिलासपुर जिले का नाम भी रोशन हुआ है।
*550 परिवारों का सपना हुआ साकार*
प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान की सुविधा उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। इसी दिशा में ग्राम पंचायत गतौरा ने 550 आवासों का निर्माण पूर्ण कर एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। इन आवासों के पूर्ण होने से अनेक परिवारों का अपने पक्के घर का सपना साकार हुआ है। पंचायत की इस सफलता को शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और स्थानीय स्तर पर किए गए प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है।
*सरपंच मीना नरेंद्र वस्त्रकार तथा पंचायत सचिव थानेश्वर सिंह ठाकुर ने जताया आभार*

सम्मान प्राप्त होने पर ग्राम पंचायत की सरपंच मीना नरेंद्र वस्त्रकार, सचिव थानेश्वर सिंह ठाकुर, रोजगार सहायक सविता राठौर एवं आवास मित्र राघवेंद्र राठौर ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि पंचायत क्षेत्र में 550 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण पूर्ण होने की उपलब्धि के आधार पर यह सम्मान प्राप्त हुआ है।
पंचायत प्रतिनिधियों ने इस उपलब्धि के लिए केंद्र सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान ग्राम पंचायत के नागरिकों, पंचायत प्रतिनिधियों, कर्मचारियों और योजना के क्रियान्वयन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने बिलासपुर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल, मस्तूरी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जे.आर. भगत सहित विकासखंड के अधिकारियों के सहयोग के प्रति भी आभार जताया।

*विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम*
ग्राम पंचायत गतौरा को मिला यह सम्मान ग्रामीण विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। 550 आवासों का निर्माण पूर्ण होना इस बात का प्रतीक है कि समन्वित प्रयासों से ग्रामीण परिवारों को पक्के मकान जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराई जा सकती है। पंचायत की इस सफलता से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और इसे मस्तूरी विकासखंड के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed