मस्तूरी/ सांदीपनी एकेडमी, पेंड्री, मस्तूरी, बिलासपुर (छत्तीसगढ़) में आईक्यू एस.सी के तत्वावधान में महिला प्रकोष्ठ के द्वारा स्तन कैंसर जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता पूर्ण व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षार्थियो को स्तन कैंसर के प्रति जागरूक करना तथा इसके संभावित लक्षणों, समय पर चिकित्सकीय जाँच और बचाव संबंधी उपायों के बारे में जानकारी प्रदान करना था। इस जागरूकता कार्यक्रम का सफल क्रियान्वयन सांदीपनी एकेडमी की प्राचार्य डॉ. रीता सिंह के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. दिव्या पांडेय, सहायक ग्रामीण प्रशासक, मस्तूरी स्वास्थ्य केंद्र उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने व्याख्यान में स्तन कैंसर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा करते हुए इसके प्रारंभिक संकेतों को पहचानने, समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने तथा नियमित स्वास्थ्य जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्तन में किसी भी प्रकार की नई गाँठ, त्वचा में असामान्य परिवर्तन दिखाई देने पर योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए। उन्होंने स्तन कैंसर से जुड़ी भ्रांतियों एवं सामाजिक संकोच को दूर करने और स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने पर भी बल दिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने, सही जानकारी साझा करने तथा महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य संबंधी समझ विकसित करने और समय पर चिकित्सकीय सहायता लेने के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम का आयोजन संस्था प्रबंधक श्री महेंद्र चौबे सर के मार्गदर्शन एवं प्रशासनिक अधिकारी श्री विनीत चौबे के सहयोग से किया गया। अंत में अतिथि वक्ता के प्रति आभार व्यक्त डॉ.श्रीती मजूमदार के द्वारा किया गया तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी सहायक प्राध्यापको का सहयोग रहा एवं प्रशिक्षार्थियों ने भी अपनी सहभागिता दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed