दीवाली अवकाश के पूर्व संध्याकालीन समय पर आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने “दीपावली क्यों मनाई जाती है? – श्रीराम के वनगमन से राज्याभिषेक तक” विषय पर मनमोहक मंच प्रस्तुति देकर उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में शाला प्रबंधन एवं विकास समिति की अध्यक्ष श्रीमती मिथला थवाईत और उपाध्यक्ष श्री राजेंद्र कुमार साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

बच्चों की प्रस्तुति में विभिन्न पात्रों का जीवंत अभिनय किया गया –

शांति – श्रीराम, अर्चना – लक्ष्मण, अंजू – सीता, धनसाय – हनुमान, राम – रावण की भूमिका में रहे, वहीं सुकून, अंजलि, साधना, करिश्मा, पूजा, संगीता, साक्षी, दिशा और मंजू ने भी सराहनीय अभिनय किया।

अपने उद्बोधन में अतिथियों श्रीमती मिथला थवाईत एवं श्री राजेंद्र साहू ने कहा कि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बुढ़ीखार द्वारा इस तरह के आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति और संस्कारों से परिचित कराने का एक अनूठा प्रयास है।

संस्था के प्राचार्य श्री काशीराम रजक ने कहा कि बच्चों में इस तरह के सांस्कारिक भावों का होना अत्यंत सुखद है। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीराम के 14 वर्ष वनवास के पश्चात अयोध्या लौटने और राज्याभिषेक के शुभ अवसर पर पूरे भारत में दीपोत्सव का त्यौहार बड़े उल्लास के साथ मनाया जाता है। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि दीपावली का त्यौहार दीप जलाकर, दीप मंत्र के साथ मनाएं, पर्यावरण को प्रदूषित करने वाले पटाखों और बिजली से चलने वाली खतरनाक सामग्रियों से दूर रहें।

इस पूरे कार्यक्रम की परिकल्पना और सफल मंचन के पीछे हिंदी व्याख्याता श्रीमती कल्पना टंडन के अभिनव प्रयास की सभी ने मुक्तकंठ से सराहना की।

कार्यक्रम का कुशल संचालन प्रधान पाठक श्री बीरबल प्रसाद थवाईत ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और कार्यक्रम का आनंद लिया।

मस्तूरी ब्लॉक :– सोनू टंडन की रिपोर्ट

Speednewscg| संपादक – राजा ठाकुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed