(Speed News CG), रायपुर:-
राजधानी रायपुर में आयोजित पारंपरिक झांकी महोत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था, सौहार्द और सार्वजनिक सुरक्षा बनाए रखने के लिए रायपुर पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आई। झांकी में उमड़ने वाली लाखों की भीड़ और त्योहार के उल्लास की आड़ में हुड़दंग मचाने या आपराधिक वारदातों को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे असामाजिक तत्वों पर पुलिस प्रशासन ने सख्त कानूनी शिकंजा कसा है। चेकिंग के दौरान पुलिस ने उपद्रवियों और संदिग्ध व्यक्तियों से बड़ी संख्या में धारदार चाकू, लोहे के भारी कड़े और अवैध शराब की बोतलें जब्त की हैं।
संवेदनशील चौराहों और झांकी मार्ग पर कड़ा पहरा
झांकी के मुख्य मार्गों, संकरे रास्तों और अत्यधिक भीड़भाड़ वाले संवेदनशील चौराहों पर पुलिस की विशेष टीमों को तैनात किया गया था। अधिकारियों के नेतृत्व में शहर के विभिन्न प्रवेश द्वारों और पड़ावों पर बैरिकेडिंग कर चेकिंग अभियान चलाया गया। संदिग्ध रूप से घूम रहे युवकों, समूह बनाकर चल रहे संदिग्धों और असामाजिक गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वाले लोगों की गहन तलाशी ली गई। पुलिस की इसी तत्परता और निरंतर निगरानी के चलते हुड़दंगियों के मंसूबों पर पूरी तरह पानी फिर गया।
