छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के रसमड़ा क्षेत्र के ग्राम गनियारी स्थित शासकीय हाई स्कूल में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 11 बजे कक्षा 10वीं की त्रैमासिक परीक्षा चल रही थी, बच्चे संस्कृत का पेपर दे रहे थे। कक्षा में 50 विद्यार्थी मौजूद थे। अचानक छत का प्लास्टर टूटकर बच्चों के ऊपर गिर गया। हादसे में 3 बच्चे घायल हो गए, जिसमें द्रौपदी ठाकुर को सिर में गंभीर चोट लगी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल दुर्ग रेफर किया गया। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बीईओ और शिक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि स्कूल भवन की हालत पहले से ही खराब थी। इस घटना ने सरकारी स्कूलों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
