बिलासपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ शहर के जाने-माने यूनिटी हॉस्पिटल पर एक परिवार ने गंभीर और सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। परिवार के अनुसार उनके परिजन की तबीयत खराब होने पर उन्हें पहले एक निजी नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था, जहाँ से बिना पूरी जानकारी दिए उन्हें आनन-फानन में यूनिटी हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। परिवार का कहना है कि उन्हें रेफरल की पूरी प्रक्रिया के बारे में सही से बताया भी नहीं गया था।
परिवार का सबसे बड़ा आरोप पैसों को लेकर है। परिवार का दावा है कि अस्पताल प्रबंधन ने इलाज के नाम पर लगभग 5 लाख रुपये का भारी-भरकम बिल बना दिया है और उनसे जबरन 2 लाख 41 हजार रुपये जमा भी करा लिए गए हैं। परिवार का आरोप है कि बाकी बची रकम के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है और जब तक पूरा पैसा जमा नहीं होगा, मरीज को अस्पताल से डिस्चार्ज नहीं किया जा रहा है, जो कि पूरी तरह से बंधक बनाने जैसा है। परेशान होकर परिवार ने तारबाहर थाना और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है।
हालांकि ये सभी आरोप पीड़ित परिवार द्वारा लगाए गए हैं और स्पीड न्यूज़ छत्तीसगढ़ इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। इस खबर में दिखाए गए तथ्य परिवार के बयान और शिकायत पत्र पर आधारित हैं। अब इस पूरे मामले में सच्चाई क्या है, क्या नशा मुक्ति केंद्र और निजी अस्पताल के बीच रेफरल कमीशन का कोई खेल चल रहा है, इसकी निष्पक्ष जांच होना बेहद जरूरी है। प्रशासन को इस मामले में जल्द से जल्द संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए ताकि किसी भी मरीज के साथ अन्याय न हो।
