मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई, चोरी का केबल तार बरामद

बिलासपुर, 12 सितंबर 2026। शासकीय स्कूल कडार के कैंपस में लगे बोरवेल से करीब 30 मीटर केबल तार चोरी होने के मामले में चकरभाठा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया बोरवेल का केबल तार भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर 2026 को शासकीय स्कूल कडार के प्रधान पाठक पन्नालाल कौशिक थाना चकरभाठा पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई कि स्कूल कैंपस में लगे बोरवेल का लगभग 30 मीटर केबल तार किसी अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिया गया है।

रिपोर्ट पर थाना चकरभाठा में संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर अज्ञात आरोपी की पतासाजी शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर संदिग्ध आरोपियों की तलाश की गई।

पुलिस ने चारों आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही। इसके बाद आरोपियों के कब्जे से बोरवेल का चोरी गया केबल तार बरामद कर लिया गया।

मामले में पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 चकरभाठा पुलिस की जनअपील

चकरभाठा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों अथवा अपराध में संलिप्त व्यक्तियों की जानकारी मिलने पर तत्काल अपने नजदीकी थाना या डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस ने नागरिकों से अपराध नियंत्रण में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed