🚨 मस्तूरी थाने में पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप

थाना बना वसूली केंद्र! मोबाइल चोरी की रिपोर्ट लिखाने गए फेरी वाले को पीटा, जेब से 2000 छीने, ऑनलाइन 3000 वसूले और गाड़ी तोड़ दी
पीड़ित ने SSP को दिया लिखित आवेदन, तीन पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप, ट्रांजेक्शन ID और थाने के CCTV को बताया सबूत

बिल्हा / मस्तूरी: छत्तीसगढ़ पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मस्तूरी थाने में मोबाइल चोरी की रिपोर्ट लिखाने गए एक गरीब साड़ी फेरी वाले के साथ पुलिसकर्मियों ने ही मारपीट, लूट और अवैध वसूली की वारदात को अंजाम दे दिया। पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़ित नकुल प्रसाद मांडरे, पिता तिलेश्वर प्रसाद मांडरे, निवासी पत्थरखान भाटा, बिल्हा है। वह छोटा हाथी गाड़ी से फेरी लगाकर साड़ी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता है।

घटना का पूरा सच – पीड़ित की जुबानी:

आवेदन के अनुसार दिनांक 11-09-26 को सुबह लगभग 6 बजे पीड़ित साड़ी बेचने मस्तूरी की तरफ निकला था। रास्ते में मस्तूरी के पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के बाद उसने थोड़ी सी शराब का सेवन किया था। कुछ दूरी पर गाड़ी रोककर उतरने पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी गाड़ी से उसका मोबाइल चोरी कर लिया।

मोबाइल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने जब वह मस्तूरी थाना पहुंचा, तो उसने पूरी ईमानदारी से मुंशी शिवचरण मरावी को मोबाइल चोरी और शराब पीने की बात बता दी। मुंशी ने उसे फॉर्म बाहर से फोटोकॉपी कराकर लाने को कहा। जब वह फॉर्म लेकर आया तो रिपोर्ट लिखने से मना कर दिया।

पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान थाने में पदस्थ पुलिसकर्मी दिनेश निराला, शिवचरण मरावी और नीतीश बंजारे ने उसके साथ अत्यंत अभद्र व्यवहार किया। उसे थाने के अंदर ले जाकर मारपीट की गई। तलाशी के दौरान जेब में रखे नगद 2,000 रुपये और गाड़ी की चाबी जबरन छीन ली।

इतना ही नहीं, छोड़ने के एवज में और 3,000 रुपये की मांग की गई। दबाव और डर के माहौल में पीड़ित ने अपनी पत्नी से सूर्य सागर के नंबर पर PhonePe के माध्यम से 3,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए। इस प्रकार उससे कुल 5,000 रुपये (2,000 नकद + 3,000 ऑनलाइन) वसूल लिए गए।

पीड़ित का आरोप है कि इसके बावजूद उक्त पुलिसकर्मियों ने उसकी गाड़ी के मडगार्ड को लात मारकर तोड़ दिया और जबरन 5 सादे (कोरे) कागजों पर दस्तखत करा लिए। काफी मिन्नतें और हाथ-पैर जोड़ने के बाद उसे छोड़ा गया और छोड़ते वक्त खुद की ही फाइल से निकालकर मोबाइल चोरी की रिपोर्ट का पर्ची स्लिप दिया गया।

पीड़ित के पास पुख्ता सबूत:

पीड़ित ने अपने आवेदन में लिखा है कि वह एक गरीब और कम पढ़ा-लिखा व्यक्ति है। उसके पास 3,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने का डिजिटल प्रमाण (Transaction ID) उपलब्ध है और पुलिस थाने के सीसीटीवी कैमरे की जांच की जा सकती है।

SSP से ये है मांग:

¯दोषी पुलिसकर्मियों दिनेश निराला, शिवचरण मरावी और नीतीश बंजारे के खिलाफ मारपीट, जेब से जबरन 2,000 रुपये छीनने तथा 3,000 रुपये की अवैध वसूली पर सख्त कानूनी व विभागीय कार्रवाई की जाए। 2. जबरन ली गई कुल 5,000 रुपये की राशि वापस दिलाई जाए। 3. जबरन 5 सादे कागजों पर करवाए गए हस्ताक्षर को निरस्त व अमान्य घोषित किया जाए। 4. उसकी चोरी हुए मोबाइल की FIR दर्ज कर मोबाइल तलाशने की कार्रवाई की जाए।
इस आवेदन पर दिनांक 12-09-26 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय, बिलासपुर की मुहर भी लगी हुई है, जिससे शिकायत की पुष्टि होती है। पीड़ित ने ऑनलाइन पेमेंट की रसीद, मोबाइल चोरी रिपोर्ट की स्लिप और गाड़ी में हुई तोड़-फोड़ की फोटो संलग्न की है।

सवाल खड़े होते हैं: क्या मस्तूरी थाना अब फरियादियों के लिए नहीं, वसूली का अड्डा बन गया है? क्या गरीब आदमी को न्याय मांगने पर पीटा जाएगा? अब देखना होगा कि बिलासपुर पुलिस अधीक्षक इस सनसनीखेज मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।

मस्तूरी ब्लॉक :– सोनू टंडन की रिपोर्ट

Speednewscg| संपादक – रुपेंद्र सिंह चौहान

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed